शिवपुरी में UGC नियमों के विरोध ने लिया उग्र रूप

0
72

BJP के बजट कार्यक्रम में तोड़फोड़, नेताओं पर फेंकी गईं बोतलें

शिवपुरी, 01 फ़रवरी (हि.स.)।

मध्यप्रदेश के शिवपुरी जिला मुख्यालय सहित करैरा, नरवर, दिनारा, भौंती सहित कई स्थानों पर रविवार को यूजीसी (UGC) के नए नियमों के विरोध में निकली सवर्ण समाज की रैलीयां निकली गई, लेकिन करैरा में रैली उस समय उग्र हो गई, जब प्रदर्शनकारी भाजपा के बजट सत्र के लाइव प्रसारण कार्यक्रम में आमने-सामने आ गए। विरोध के दौरान जमकर हंगामा हुआ, जिसमें कार्यक्रम स्थल पर तोड़फोड़ की गई और भाजपा नेताओं पर पानी व खाली बोतलें फेंकी गईं वहीं शिवपुरी में वजट सत्र कार्यक्रम के दौरान नेताओं को काले झंडे दिखाते हुए भाजपा के विरोध में नारे लगाए।

जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह सवर्ण समाज के सैकड़ों लोग मंगल पांडे चौराहे पर एकत्रित हुए और यूजीसी नियमों के विरोध में पैदल रैली निकाली। प्रदर्शनकारी केंद्र सरकार के नए नियमों को वापस लेने की मांग करते हुए नारेबाजी कर रहे थे। रैली नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरती हुई पुलिस सहायता केंद्र चौराहे पर पहुंची।

इसी दौरान चौराहे पर भाजपा द्वारा बजट सत्र के लाइव प्रसारण का कार्यक्रम आयोजित किया गया था, जिसमें भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष रणबीर सिंह रावत, जनपद अध्यक्ष पुष्पेंद्र जाटव, मंडल अध्यक्ष वीनस गोयल सहित कई भाजपा नेता व कार्यकर्ता मौजूद थे। रैली के वहां पहुंचते देखते ही देखते स्थिति बिगड़ गई और प्रदर्शनकारियों ने उग्र रूप धारण कर लिया। आक्रोशित भीड़ ने कार्यक्रम स्थल पर रखी कुर्सियों को तोड़ दिया, पंडाल में जमकर उत्पात मचाया और भाजपा नेताओं व कार्यकर्ताओं की ओर पानी व खाली बोतलें फेंकी गईं। हंगामे के चलते बजट का लाइव प्रसारण बीच में ही रोकना पड़ा।

घटना की सूचना मिलते ही मौके पर मौजूद पुलिस बल ने हालात संभालने का प्रयास किया, लेकिन बढ़ते तनाव को देखते हुए भाजपा नेताओं को कार्यक्रम स्थल से हटना पड़ा। घटना के बाद मौके पर टूटी हुई कुर्सियां और अस्त-व्यस्त पंडाल हंगामे की गवाही देते नजर आए।

फिलहाल करैरा नगर में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है। पुलिस प्रशासन ने संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी है। वहीं सवर्ण समाज के प्रतिनिधियों का कहना है कि जब तक यूजीसी के नए नियम वापस नहीं लिए जाते, उनका आंदोलन जारी रहेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here