टी20 वर्ल्ड कप में भारत की पाकिस्तान पर रिकॉर्ड जीत

0
10

61 रन से हराकर सुपर-8 में एंट्री

कोलंबो, 15 फरवरी (हि.स.)। भारतीय क्रिकेट टीम ने आईसीसी पुरुष टी20 विश्व कप 2026 में चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान क्रिकेट टीम को 61 रन से हराकर बड़ी जीत दर्ज की। रनों के अंतर से यह टी20 विश्व कप इतिहास में पाकिस्तान पर भारत की सबसे बड़ी रही। इस जीत के साथ भारत ने सुपर-8 दौर के लिए भी क्वालिफाई कर लिया और लगातार तीन जीत के साथ ग्रुप ए में शीर्ष स्थान पर पहुंच गया।

आर प्रेमदासा स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट पर 175 रन बनाए। टीम की ओर से ईशान किशन ने 40 गेंदों पर 77 रन की आक्रामक पारी खेली, जिसमें 10 चौके और 3 छक्के शामिल रहे। सूर्यकुमार यादव ने भी 32 रन का योगदान दिया। पाकिस्तान की ओर से सईम अयूब ने 3 विकेट लिए।

176 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए पाकिस्तान की शुरुआत खराब रही। पहले ही ओवर में हार्दिक पांड्या ने साहिबजादा फरहान को रिंकू सिंह के हाथों कैच कराया। इसके बाद जसप्रीत बुमराह ने शुरुआती झटके देते हुए सईम अयूब और सलमान अली आगा को आउट किया।

पाकिस्तान की पूरी टीम 18 ओवर में 114 रन पर सिमट गई। उस्मान खान ने सर्वाधिक 44 रन बनाए, लेकिन उन्हें दूसरे छोर से पर्याप्त साथ नहीं मिला। भारत की ओर से बुमराह, हार्दिक, अक्षर पटेल और वरुण चक्रवर्ती ने दो-दो विकेट लिए, जबकि कुलदीप यादव और तिलक वर्मा को एक-एक सफलता मिली।

इस जीत से भारत ने न सिर्फ टूर्नामेंट में अपनी दावेदारी मजबूत की है, बल्कि नेट रन रेट में भी बड़ा फायदा हासिल किया है। टीम का आत्मविश्वास ऊंचा है और अब उसकी नजरें सुपर-8 चरण में मजबूत प्रदर्शन पर होंगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here