जनता का आदेश सर्वोपरि, यह लोकतंत्र की जीत है: पिंकी कंवर राठौड़

0
10

– प्रभाग 22 से भाजपा की नवनिर्वाचित नगरसेविका ने जनता का आभार माना

मुंबई, 16 जनवरी, (हि. स.)। वसई-विरार शहर महानगरपालिका (वीवीसीएमसी) के चुनाव परिणामों में प्रभाग क्रमांक 22 से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की उम्मीदवार पिंकी कंवर अमित सिंह राठौड़ ने भारी मतों से जीत दर्ज की है। अपनी इस जीत को लोकतंत्र की विजय बताते हुए उन्होंने कहा कि जनता का आदेश उनके लिए सर्वोपरि है, यह लोकतंत्र की असली जीत है। शुक्रवार को चुनावी नतीजे घोषित होने के बाद, नवनिर्वाचित नगरसेविका पिंकी कंवर ने रोड शो के दौरान मतदाताओं का अभिवादन किया और उन पर विश्वास जताने के लिए आभार व्यक्त किया। पत्रकारों से बात करते हुए पिंकी कंवर ने कहा कि जनसेवा हमारा धर्म है और विकास हमारी असली पहचान है। मैं क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हूं। पार्टी के ‘सबका साथ, सबका विकास’ के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए मैं क्षेत्र की हर समस्या का समाधान करने और नागरिकों के भरोसे पर खरा उतरने का प्रयास करूंगी। पिंकी कंवर की इस जीत में उनके पति और भाजपा नेता अमित सिंह राठौड़ की अहम भूमिका रही। क्षेत्र के राजस्थानी समाज के साथ-साथ अन्य वर्गों में भी राठौड़ की गहरी पकड़ और उनकी सक्रिय राजनीति का लाभ पार्टी को मिला। अमित सिंह राठौड़ पिछले कई वर्षों से विभिन्न सामाजिक संस्थाओं और संगठनों के माध्यम से जनसेवा के कार्यों में जुटे हुए हैं, जिसका सीधा असर चुनाव परिणामों में देखने को मिला।

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here