खेल हमारे जीवन में करते हैं आनंद −उत्साह का संचारःशिवराज सिंह

खेल

0
16

– केंद्रीय कृषि मंत्री सीहोर के इछावर में सांसद खेल महोत्सव के तहत आयोजित कार्यक्रम में हुए शामिल

सीहोर, 11 जनवरी (हि.स.)। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि खेल हमारे जीवन में आंनद और उत्साह का संचार करते हैं, शरीर को स्वस्थ बनाते हैं, मन को मजबूत करते हैं और आत्मा को प्रसन्नता से भर देते हैं। खेल गतिविधियों के इन लाभों को देखते हुए आगामी वर्ष से और अधिक व्यापक स्तर पर खेल गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा और गांव-गांव तक पहुंचकर प्रतिभावन खिलाड़ियों को अवसर प्रदान किए जाएंगे।

केंद्रीय कृषि मंत्री रविवार को मध्य प्रदेश के सीहोर जिले के प्रवास के दौरान इछावर के गंजीबढ़ खेल मैदान में सांसद खेल महोत्सव के तहत आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर खेल महोत्सव के तहत क्रिकेट, खो-खो, कबड्डी, रस्साकस्सी सहित अनेक खेल प्रतिनियोगिताएं आयोजित की गईं। इस दौरान केन्द्रीय मंत्री ने मैदान पर उतरकर क्रिकेट खेला और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। इसके साथ ही रस्साकसी जैसी खेल प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों के साथ महिलाओं ने भी उत्साह के साथ सहभागिता की।

शिवराज सिंह चौहान ने कार्यक्रम में खिलाड़ियों को देश की बेटी मेरिकॉम का उदाहरण देकर प्रोत्साहित करते हुए कहा कि बड़े से बड़े खिलाड़ी छोटे-छोटे गांवों से निकलते हैं, इसलिए निरंतर मेहनत करते रहें। इस निरंतर मेहनत के बल पर एक दिन आप भी उंचाइयों पर पहुंचेंगे और देश का नाम रोशन करेंगे। उन्होंने कहा कि खेल गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए सरकार भी निरंतर कार्य कर रही है।

कार्यक्रम में प्रदेश के राजस्व मंत्री करणसिंह वर्मा ने कहा कि सांसद खेल महोत्सव केवल एक खेल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि युवाओं की ऊर्जा, प्रतिभा और खेल भावना को सही दिशा देने का एक बड़ा अभियान है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में खेल को बढ़ावा देने और खिलाड़ियों को अवसर प्रदान करने के लिए यह महोत्सव एक महत्वपूर्ण मंच है। ग्रामीण क्षेत्रों के प्रतिभाशाली खिलाड़ी आज यहां अपनी क्षमता दिखा रहे हैं, यही खिलाड़ी आगे चलकर जिले, प्रदेश और देश को गौरवान्वित करेंगे। उन्होंने खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि खेल हमें अनुशासन, एकजुटता, मेहनत और सकारात्मक सोच सिखाता है। जीत-हार खेल का हिस्सा हैं, लेकिन असली जीत उस भावना की होती है जिससे हम मैदान में उतरते हैं।

कार्यक्रम भाजपा जिला अध्यक्ष नरेश मेवाड़ा, सीहोर नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर, इछावर नगर नगर परिषद अध्यक्ष देवेंद्र वर्मा सहित अनेक जनप्रतिनिधि, लाड़ली बहनें एवं खिलाड़ी उपस्थित थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here