कोटा में तीन मंजिला इमारत ढही, दो की मौत, 13 घायल

0
10

कोटा, 08 फ़रवरी (हि.स.)। कोटा शहर के तलवंडी इलाके में शनिवार रात एक तीन मंजिला इमारत अचानक ढह गई। हादसे के समय इमारत के भीतर रेस्टोरेंट चल रहा था, जहां ग्राहक और कर्मचारी मौजूद थे। इमारत गिरने से कोचिंग स्टूडेंट समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि 13 लोग घायल हो गए। इनमें से आठ घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया, वहीं पांच को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।

मलबे में दबे लोग मदद के लिए चीखते रहे। किसी का हाथ बाहर दिख रहा था तो किसी का पैर। करीब तीन घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन में मलबे में फंसे लोगों को एक-एक कर बाहर निकाला गया।

रेस्क्यू अभियान के दौरान बचाव दल का एक कर्मचारी रॉकी डेनियल भी घायल हो गया। एसडीआरएफ टीम ने मलबे के नीचे दबे एक युवक को हाथ पकड़कर बाहर निकाला, जिसके बाद उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया।

हादसे में जान गंवाने वाले कोचिंग स्टूडेंट की पहचान पश्चिम बंगाल निवासी आर्यन (20) के रूप में हुई है। दूसरी मौत 15 वर्षीय बच्चे की हुई है।

सीएमएचओ नरेंद्र नागर के अनुसार, हादसे में रेस्टोरेंट मालिक समेत कुल 13 लोग घायल हुए हैं। घायलों में सुदीता (30) निवासी कोटा, शालीन सुवास्या (25) निवासी कुन्हाड़ी, मोहम्मद जहांगीर (30) निवासी महावीर नगर, भूपेंद्र (40) निवासी रंगबाड़ी, पूरब मीणा (24) निवासी जय हिंद नगर, नावेद (20) निवासी सुभाष नगर, मोहम्मद साबिर निवासी झारखंड सहित अन्य शामिल हैं। रेस्टोरेंट मालिक मोहम्मद जहांगीर के दोनों पैर कटने की सूचना है।

जिला कलेक्टर पीयूष सामरिया ने बताया कि इमारत में एक रेस्टोरेंट संचालित हो रहा था। घटना के समय करीब 12 से 15 कर्मचारी और कुछ ग्राहक मौजूद थे। हादसे की जांच के आदेश दे दिए गए हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पहले तेज आवाज आई, जैसे पटाखे फूट रहे हों, इसके बाद पूरी इमारत भरभराकर गिर गई। आसपास के लोगों ने बताया कि इमारत के पीछे वाली बिल्डिंग में कई दिनों से निर्माण कार्य चल रहा था, जहां ड्रिल मशीन और हैमर के कारण लगातार वाइब्रेशन हो रहा था।

हादसे के बाद शिक्षा मंत्री मदन दिलावर, ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर, जिला कलेक्टर, एसपी और मेडिकल कॉलेज की प्रिंसिपल अस्पताल पहुंचे और घायलों से मुलाकात की।

ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने कहा कि हादसे की पूरी जांच के लिए कमेटी गठित की गई है।

घायलों का इलाज मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल और निजी अस्पतालों में जारी है। प्रशासन ने मौके पर स्थिति को नियंत्रण में बताया है, लेकिन इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here